
बाघमारा। बीसीसीएल के बरोरा क्षेत्र अंतर्गत फोर-ए पैच स्थित चिटाही बस्ती के समीप क्षेत्रीय प्रबंधन व सीआईएसएफ द्वारा सोमवार को की गई कार्रवाई ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या अवैध कोयला कारोबार पर हो रही कार्रवाई वास्तव में प्रभावी है या फिर केवल औपचारिकता तक सीमित रह जाती है। अभियान के दौरान अवैध कोयला निकासी के लिए बनाए गए कई मुहानों को क्षेत्रीय प्रबंधन व सीआईएसएफ द्वारा भारी मशीनों से बंद किया गया, जिससे कुछ दिनों के लिए क्षेत्र में हलचल जरूर थमेगी। कार्रवाई के समय इलाके में कोयला तस्करों में अफरा तफरी मच गई और सुरक्षा बलों की मौजूदगी से सख्ती का संदेश भी गया। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यह तस्वीर हर बार एक जैसी होती है। कुछ दिनों तक क्षेत्र शांत रहता है, इसके बाद जैसे ही निगरानी कमजोर होती है, बंद किए गए मुहानों के आसपास फिर से हलचल शुरू हो जाती है और कोयला चोरी का धंधा पुराने ढर्रे पर लौट आता है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बार बार की जा रही कार्रवाइयों के बावजूद अवैध कारोबारियों के नेटवर्क पर कोई ठोस प्रहार नहीं हो पा रहा है। उनका कहना है कि केवल मुहाने बंद करना समाधान नहीं है, क्योंकि तस्कर नए रास्ते निकाल लेते हैं और संगठित तरीके से कारोबार को फिर से खड़ा कर देते हैं। इससे यह संदेह भी गहराता है कि कहीं न कहीं पूरे सिस्टम में ढिलाई या संरक्षण का खेल चल रहा है। इस अवैध कारोबार से बीसीसीएल को भारी आर्थिक नुकसान तो हो ही रहा है, साथ ही क्षेत्र में अपराध, असुरक्षा और सामाजिक तनाव भी बढ़ रहा है। स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर स्थायी निगरानी, जिम्मेदारी तय करने और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई कब होगी।

अब सबकी नजरें इस पर टिकी हैं कि क्या सीआईएसएफ और प्रबंधन इस बार दिखावटी कार्रवाई से आगे बढ़कर अवैध कोयला कारोबार की जड़ पर चोट कर पाएंगे या फिर यह अभियान भी समय के साथ सिर्फ कागजी कार्रवाई बनकर रह जाएगा।