
धनबाद : ओडिशा के क्योंझर जिले के बड़बिल स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में कईं दिन पूर्व हुए करोड़ों की डकैती की घटना को लेकर उड़ीसा और धनबाद पुलिस की संयुक्त छापेमारी जिले के कई जगहों में चलाया गया। क्योंझर के अपर पुलिस अधीक्षक प्रत्यूष मोहपात्रा के नेतृत्व में ओडिशा पुलिस धनबाद पहुंची थी । धनबाद पुलिस के सहयोग से निरसा और सिंदरी थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों में छापेमारी कर बैंक डकैती का उद्भेदन किया है। डकैती के दौरान उपयोग किए गए वाहन के साथ दो अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस सभागार में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ओडिशा क्योंझर के एएसपी प्रत्यूष मोहपात्रा ने संयुक्त रूप से मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि बैंक डकैती मामले में बड़बिल थाना में मामला दर्ज किया गया था। जिसमें 5 से 6 किलो सोना अपराधियों ने लूट लिया था। जिसकी कीमत 5 करोड़ रुपए से अधिक है। मामले की तार धनबाद से जुड़ता देख क्योंझर के अपर पुलिस अधीक्षक प्रत्यूष मोहपात्रा अपनी टीम के साथ धनबाद पहुंचे थे । ओडिशा पुलिस और धनबाद पुलिस की एक संयुक्त टीम के द्वारा धनबाद के निरसा और सिंदरी में छापेमारी की गई। छापेमारी में लुटे गए 288 ग्राम सोना, घटना में शामिल 2 स्कॉर्पियो और 4 मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस ने मामले में दो अपराधियों को धनबाद के चासनाला के 27 वर्षीय राज कुमार सिंह और निरसा के 33 वर्षीय कुणाल राज वर्मा को गिरफ्तार किया गया है। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में पुलिस की कार्रवाई अभी जारी है । कई स्थानों पर छापेमारी अभी भी चल रही है।