
बाघमारा। बरोरा थाना क्षेत्र के मुराईडीह स्थित खोदो नदी के समीप मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जाता है कि सुबह करीब आठ बजे अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे क्षेत्रीय अस्पताल डुमरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बड़ा पांडेयडीह निवासी 32 वर्षीय अरविंद पांडेय के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर बरोरा और बाघमारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मृतक के आश्रित को मुआवजा एवं नियोजन देने की मांग को लेकर हरिना चौक पर सड़क जाम कर दिया। इससे कुछ समय तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा।

मौके पर पहुंचे बाघमारा विधायक
सूचना मिलने पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो और अंचल अधिकारी गिरिजानंद किस्कू मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी। विधायक ने सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाली सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर यातायात सामान्य कर दिया।