
बाघमारा। मरीजों की सेवा और अस्पताल की व्यवस्था को बेहतर बनाने में उल्लेखनीय योगदान के लिए रथटांड बाघमारा निवासी डॉ चंद्रशेखर सुमन को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित किया गया। शनिवार को रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उपायुक्त आदित्य रंजन ने एसएनएमएमसीएच के वरीय अस्पताल प्रबंधक डॉ सुमन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। डॉ सुमन ने अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई है। उनके कार्यों से अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं को गति मिली है। सम्मान मिलने पर चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी। डॉ सुमन ने जिला प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि मरीजों की सेवा और अस्पताल की व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है।