
बाघमारा। बरोरा थाना क्षेत्र में गुरुवार अहले सुबह डुमरा फुलारीटांड सड़क मार्ग पर बरोरा जाने वाले रास्ते के समीप एक तेज रफ्तार बिचाली लदा पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में पुल का रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं वाहन की चपेट में आने से श्रीराम ऑटो वर्कशॉप का शेड और लोहे के पाइप भी क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन संख्या WB 55B 5851 बंगाल से बिचाली लेकर आ रहा था। कुट्टी दुकान के समीप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद पिकअप पुल के डिवाइडर को तोड़ते हुए सड़क किनारे स्थित श्रीराम ऑटो वर्कशॉप में जा घुसा और पलट गया।
घटना के समय वर्कशॉप बंद रहने के कारण बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के बाद चालक और खलासी वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही बरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ फरार चालक और खलासी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।