
बाघमारा। माटीगढ़ा डैम कॉलोनी निवासी 37 वर्षीय हरिनाथ यादव के दो बैंक खातों से कुल 1 लाख 32 हजार 550 रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर बाघमारा थाना में अज्ञात के खिलाफ कांड संख्या 114/2026 दर्ज की गई है। हरिनाथ यादव ने पुलिस को बताया की उसका एसबीआई की डुमरा मोड़ शाखा एवं बैंक ऑफ इंडिया की केसरगढ़ शाखा में खाता है। 13 सितंबर को पहले उनके बीओआई के खाते से 15 हजार रुपये निकालकर एसबीआई खाते में ट्रांसफर किए गए। इसके बाद एसबीआई खाते से 51 हजार 550 रुपये और बीओआई खाते से 81 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। पीड़ित के अनुसार घटना के दौरान उनके मोबाइल पर न कोई कॉल आया और न ही ओटीपी या बैंक संबंधी संदेश मिला। 14 सितंबर की सुबह मोबाइल से लेनदेन करने के दौरान उन्हें खातों से रकम गायब होने की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने दोनों बैंक शाखाओं में पहुंचकर खाते ब्लॉक कराए और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। मामले में बीएनएस की धारा 316(2) और 318(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हैं।