
धनबाद : ‘झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा’ में शनिवार को बलियापुर प्रखंड कार्यालय में रबी फसल कार्यशाला एवं बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रखंड के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराना और रबी मौसम की खेती के लिए उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराना था। कार्यशाला के दौरान रबी फसलों की वैज्ञानिक खेती, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, बीज उपचार और संतुलित उर्वरक प्रबंधन के बारे में जानकारी दी गई । कार्यक्रम के दौरान प्रखंड के विभिन्न गांवों से आए लाभुक किसानों के बीच उन्नत किस्म के रबी बीजों का वितरण कर उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और वैज्ञानिक पद्धति से खेती कर अपनी आय में बढ़ोतरी कर आर्थिक रूप से संपन्न होने की बात कही। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, कृषक मित्र तथा प्रखंड के विभिन्न पंचायत के दर्जनों किसान उपस्थित थे।