
धनबाद : उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देशानुसार झारखंड राज्य स्थापना दिवस के मौके पर जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी प्रखंडों में 15 से 28 नवंबर 2026 तक विशेष अभियान के तहत ‘गृह प्रवेश सप्ताह’ का आयोजन किया गया है । इस महत्वाकांक्षी अभियान का उद्देश्य आवास योजनाओं के पूर्ण हो चुके घरों में लाभुकों का विधिवत गृह प्रवेश कराकर उन्हें छत उपलब्ध कराना है।
इस विशेष सप्ताह के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख आवासीय योजनाओं के अंतर्गत निर्मित आवासों में लाभुकों का गृह प्रवेश कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिनमें मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना,
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान , बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना शामिल है।
अभियान के तहत 15 से 21 नवंबर तक कुल 874 आवासों में गृह प्रवेश कराया जा चुका है। शेष आवासों में भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर गृह प्रवेश सुनिश्चित कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान की निगरानी की जा रही है। संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं आवास समन्वयकों को निर्देश देकर शेष लक्षित आवासों का निर्माण एवं फिनिशिंग कार्य आगामी 27 नवंबर तक शत-प्रतिशत पूर्ण कर लाभुकों का गृह प्रवेश सुनिश्चित करने को कहा गया है।

