
Baghmara: भारत के प्रमुख स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और महान क्रांतिकारियों में से एक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती सोमवार सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बाघमारा में मनाया गया। विद्यालय प्राचार्य संतोष कुमार झा एवं अन्य शिक्षक शिक्षिकाओं सहित कई गणमान्य लोगों ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पार्चन कर उन्हे नमन किया। प्राचार्य ने नेताजी को नमन करते हुए कहा की आज संपूर्ण देश नेताजी के जन्मदिन को पराक्रम दिवस के रूप में मना रहा है क्योंकि उनका संपूर्ण जीवन साहस और पराक्रम की कहानियों से भरा है। प्राचार्य ने प्रत्येक छात्र छात्राओं को उनके जीवन से जुड़ी पुस्तकों का अध्ययन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि नेताजी की जीवनी, उनके विचार और उनका कठोर त्याग सभी युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में मुख्य रुप से उपस्थित विद्युत चटर्जी ने आजादी की लड़ाई को नई दिशा प्रदान करने वाले नेताजी को याद करते हुए उनके जीवन का संक्षिप्त वृत्त प्रस्तुत किया। छात्र छात्राओं द्वारा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी को नमन करते हुए उनके विचारों को अपने शब्दों में रखा। विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा पिरामिड, सामूहिक समता व योग का प्रदर्शन भी किया गया। मौके पर विद्यालय आचार्य देवव्रत साहनी, राजेंद्र प्रसाद, नवल किशोर सिंह, आचार्या संध्या सिन्हा, सीमा, प्रीति सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।