
हजारीबाग : राशन वितरण नहीं किये जाने की शिकायत के आलोक में अंचलाधिकारी राम रतन कुमार वर्णवाल ने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उमा शंकर के साथ प्रखंड के हेंदेगीर स्थित जन वितरण प्रणाली दुकान संचालिका देवंती देवी अनुज्ञप्ति संख्या 21/18 के राशन दुकान की जांच संयुक्त रूप से किया।
जांच के दौरान जन वितरण प्रणाली दुकान बंद पाया गया। तत्पश्चात् उक्त राशन दुकान से संबंधित राशनकार्ड धारकों से संपर्क कर शिकायत के आलोक में पुछताछ की। उपस्थित लाभुकों ने बताया कि अगस्त माह का राशन डीलर द्वारा नहीं दिया गया था। बाद में सितम्बर माह के साथ हमलोगों को राशन प्राप्त हो गया है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि डीलर द्वारा सभी कार्डधारियों को प्रतिमाह 2-3 किलोग्राम कम अनाज दिया जाता है। साथ हीं राशन दुकान संचालिका देवंती देवी हेंदेगीर में निवास नहीं करती है जिस कारण ससमय राशन उठाव में कभी कभी परेशानी भी होती है। अंचलाधिकारी ने बताया कि संयुक्त जांच प्रतिवेदन शीघ्र ही अपर समाहर्ता सह जिला शिकायत निवारण पदाधिकारी हजारीबाग को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजा जाएगा।