
बाघमारा। मां संध्या निवास बाघमारा में आयोजित सभा में जनता मजदूर संघ के महामंत्री सिद्धार्थ गौतम ने क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने और बाघमारा के विकास के लिए लगातार संघर्ष करने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनका परिवार वर्षों से जनता के सुख-दुख में सहभागी रहा है और आगे भी लोगों के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेगा। सभा के दौरान उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें क्षेत्र के माहौल और जनता के हितों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन जनता सब समझती है। उन्होंने रोजगार, शिक्षा और सामाजिक व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही कहा कि यदि किसी के साथ अन्याय होगा तो उनका संगठन आवाज उठाने से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने दावा किया कि जनता मजदूर संघ बाघमारा में मजबूत जनसमर्थन रखता है और लोगों के सहयोग से क्षेत्र की दशा एवं दिशा बदलने का काम करेगा। मौके पर संघ के केंद्रीय उपाध्यक्ष गोपाल मिश्रा, क्षेत्रीय सचिव मंगल हेम्ब्रम, सोनू कुमार सिंह, विकास सिंह, धनेश्वर ठाकुर आदि मौजूद थे।