
बाघमारा। धनबाद जिले के बाघमारा में शुक्रवार की रात उस समय कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब हरिणा-गोमो सड़क मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप धनबाद सांसद ढुलू महतो के पुत्र प्रशांत कुमार का वाहन और युवा नेता बिनोद यादव का वाहन आमने-सामने आ गए। रात करीब साढ़े आठ बजे हुई इस घटना के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों वाहनों के आमने-सामने आ जाने के बाद रास्ता खाली करने को लेकर मामला उलझ गया। दोनों पक्षों में से कोई भी अपना वाहन पीछे करने को तैयार नहीं था। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

इधर, दोनों वाहनों में सवार लोगों के बीच शुरू हुई कहासुनी जल्द ही समर्थकों तक पहुंच गई। मौके पर जुटे दोनों पक्षों के समर्थक एक-दूसरे से बहसबाजी करने लगे। इसके कारण घटनास्थल पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सड़क पर जाम और दोनों पक्षों के बीच बढ़ती नोकझोंक को लेकर स्थानीय लोगों में भी चर्चा शुरू हो गई।
हालांकि, मामले की सूचना मिलते ही बरोरा और बाघमारा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और सड़क से वाहनों को हटवाया। पुलिस की तत्परता से मामला आगे बढ़ने से पहले ही शांत हो गया। इसके बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हो गया और दोनों पक्ष अपने-अपने रास्ते चले गए।
फिलहाल, इस घटना में किसी तरह की मारपीट या अन्य नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।