
लकतरास : बाघमारा के विधायक ढुलू महतो के समर्थक कोयला व्यवसायी राजेश गुप्ता के निचितपुर स्थित आवास पर रविवार की देर रात्रि बाईक पर सवार अपराधियों द्वारा गोली चलाये जाने की घटना से यहाँ लोगो मे दहशत है। समाचार लिखे जाने तक इस घटना में पुलिस को अपराधियों का कोई सुराग मिलने की खबर नहीं है। मालूम हो कि रविवार की रात्रि 10,30 बजे के आसपास बाईक पर सवार दो अपराधी फिल्मी स्टाईल में राजेश गुप्ता के आवास के समक्ष पहुँचे तथा पिस्तौल से गोलीबारी करते हुए भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना प्रभारी रास बिहारी लाल अन्य पुलिस बल के साथ अविलंब राजेश गुप्ता के आवास पर पहुँचे तथा घटना की बाबत पूछताछ की। पुलिस द्वारा मौके से एक खाली खोखा जप्त किया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियो की संख्या दो थी। जिसमे एक हेलमेट पहने था। जबकि दूसरा गमछा से चेहरा ढके हुए था। दोनों अपराधी एक पल्सर बाइक पर सवार थे। अपराधियों की यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच बाहर गोली चलने के आवाज सुनाई दी। मालूम हो कि 12 मई 2013 को बरोरा पुलिस द्वारा रंगदारी के एक मामले में राजेश गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस की गिरफ्त से राजेश गुप्ता को छुड़ाने तथा पुलिस की वर्दी फाड़ने के आरोप में विधायक को 11 महीने तक जेल में रहना पड़ा था। इस घटना के बाद से राजेश गुप्ता चर्चे में आ गए थे। मालूम हो कुछ इसी प्रकार बाइक पर सवार दो अपराधियों ने विधायक ढुल्लू महतो के समर्थक सह अभिजीत बार के मालिक अभय सिंह के आवास में गोलीबारी की थी। विधायक समर्थको के घरों में इस तरह से गोलीबारी से लोग दहशत में है। पुलिस गंभीरता से छानबीन में लगी है।