
बाघमारा। बरोरा थाना क्षेत्र के अपर मंदरा गांव में बिजली तार जोड़ने को लेकर उपजा विवाद शनिवार की रात हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। शुरुआत मामूली कहासुनी और गाली-गलौज से हुई, लेकिन देखते ही देखते अपर मंदरा और माथाबांध गांव के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और मारपीट हुई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, झड़प के दौरान फायरिंग होने की भी चर्चा है। वहीं, दो वाहनों को क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना भी सामने आई है। हालांकि, देर रात तक पुलिस ने फायरिंग और वाहन क्षति की आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी।
घटना में मंदरा पंचायत की मुखिया ललिता देवी समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों का विभिन्न स्थानों पर इलाज कराया जा रहा है।
वारदात के बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया। देर रात तक दोनों पक्षों के लोग बरोरा थाना परिसर में डटे रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के कई थाना क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पाया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों से आवेदन लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।