
बाघमारा। बाघमारा थाना क्षेत्र के इंदिरा चौक ट्रेकर स्टैंड पर गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने साढ़े 5 वर्षीय बच्चे को चुपचाप अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। बच्चे के अचानक रोने-चिल्लाने पर उसकी मां सतर्क हो गई और शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत हरकत में आ गए।
बताया जाता है कि बच्चा अपनी मां के साथ यात्रा के लिए ट्रेकर स्टैंड पर खड़ा था। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एक महिला बच्चे के पास पहुंची और उसे अपने साथ ले जाने लगी। मां की नजर पड़ते ही उसने बच्चे को रोकने की कोशिश की और जोर-जोर से मदद के लिए आवाज लगाई। शोर सुनते ही स्थानीय लोगों ने महिला को घेर लिया और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाना ले आई। पूछताछ के दौरान महिला का व्यवहार सामान्य नहीं पाया गया। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई महिला की पहचान दुलाली देवी के रूप में हुई है, जो बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है।
बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति संदिग्ध प्रतीत होने के कारण उसे चिकित्सकीय जांच के लिए बाघमारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्रारंभिक परीक्षण के बाद उसे एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। मानसिक रूप से अस्वस्थ पाए जाने पर उसका इलाज कराया जाएगा, जबकि स्वस्थ पाए जाने की स्थिति में नाबालिग को ले जाने के प्रयास के आरोप में कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्चे को सुरक्षित रूप से उसकी मां के साथ भेज दिया।