
बाघमारा। बाघमारा थाना क्षेत्र के विस्थापित बड़ा पांडेडीह निवासी मंतोष कुमार महतो ने अपने बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से हुई 68 हजार रुपये की साइबर ठगी को लेकर बाघमारा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मंतोष के मुताबिक 9 अगस्त की शाम उनके बैंक ऑफ इंडिया बाघमारा शाखा के बचत खाते से यूपीआई के जरिए दो अलग अलग ट्रांजैक्शन में कुल 68 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई। पीड़ित ने बताया कि इस दौरान उन्होंने किसी के साथ न तो ओटीपी साझा किया और न ही अपना यूपीआई पिन बताया। लेन देन विवरण के मुताबिक पहली निकासी शाम 5:44 बजे 38,000 रूपये की कुदुस किराना के खाते में तथा दूसरी निकासी शाम 5:47 बजे 30,000 रूपये की सिराजुल गाजी के खाते में हुई। पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर साइबर अपराधियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं।