
बाघमारा। बीसीसीएल ब्लॉक टू क्षेत्र में रोड सेल से जुड़े असंगठित कामगारों ने रोजगार बहाली को लेकर आंदोलन का ऐलान कर दिया है। नदखरकी, बेनीडीह और जमुनिया कोल डंप के मजदूरों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांगों पर समय रहते पहल नहीं हुई तो 24 अगस्त से अनिश्चितकालीन चक्का जाम किया जाएगा।
कामगारों का कहना है कि लंबे समय से कोयला उपलब्ध नहीं होने के कारण रोड सेल लोडिंग से जुड़े मजदूरों के सामने रोजगार का संकट बना हुआ है। उनका आरोप है कि पिछले करीब एक वर्ष से वे काम की तलाश में परेशान हैं। रोजगार और कोयला आपूर्ति को लेकर आवाज उठाने पर मुकदमों का सामना भी करना पड़ रहा है।
मजदूरों ने प्रबंधन से तीनों डंपों के लिए कम से कम 20-20 हजार टन आरओएम कोयले का डीओ ऑफर जारी करने की मांग की है। इसके साथ ही प्रत्येक डंप पर 20-20 हजार टन बेहतर गुणवत्ता वाले स्टीम कोयले का ऑफर उपलब्ध कराने की मांग रखी गई है, ताकि रोड सेल में गतिविधियां बढ़ें और स्थानीय मजदूरों को नियमित रोजगार मिल सके।
कामगारों ने कहा कि उनकी मांग सिर्फ रोजगार से जुड़ी नहीं, बल्कि उनके परिवारों की रोजी-रोटी से संबंधित है। यदि प्रबंधन ने जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया तो 24 अगस्त से आंदोलन शुरू कर कामकाज ठप कराया जाएगा।
मजदूरों में जुलूस राम, कैलाश राम समेत अन्य असंगठित कामगारों ने हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन प्रबंधन को सौपा हैं।