
बाघमारा: बरोरा बस्ती की होनहार बेटी स्वीटी कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर IBPS CSA परीक्षा उत्तीर्ण कर कैनरा बैंक की जमशेदपुर शाखा में बैंक क्लर्क के पद पर चयनित होकर परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
स्वीटी कुमारी स्थानीय साहू नगर हरिना की निवासी हैं। उनके पिता कमल किशोर साव बीसीसीएल के बरोरा एरिया-1 में माइनिंग सरदार के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता सीमा देवी गृहिणी हैं। स्वीटी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन, शिक्षकों के सहयोग और अपनी निरंतर मेहनत को दिया।
इस उपलब्धि पर लायंस क्लब बाघमारा सेंटेनियल ने स्वीटी कुमारी को अंगवस्त्र, बुके, डायरी और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्लब के अध्यक्ष दीपक प्रसाद ने कहा कि स्वीटी की सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि मेहनत और दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
सम्मान समारोह में मदन मोहन, पालचंद महतो, डुमरा मुखिया जीवन महतो, राजीव प्रसाद महतो, अरुण खेदु, राजकुमार महतो सहित क्लब के सदस्य और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।