

मथुरा। ब्रजभूमि में आयोजित होने वाली हरियाली अमावस्या, हरियाली तीज व श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर कार्यक्रमों को लेकर एक बैठक का आयोजन नागरिक सुरक्षा संगठन द्वारा किया गया।
यह बैठक नागरिक सुरक्षा संगठन के राष्ट्रपति पदक से सम्मानित मुख्य वार्डन राजीव अग्रवाल बृजवासी एवं डिप्टी चीफ वार्डन कल्याण दास अग्रवाल के निर्देशन एवं सहायक उप नियंत्रक जितेंद्र देव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। वार्डन सेवा के पदाधिकारियों से कोरोना संक्रमण की गाइड लाइन का पालन करते हुए बृज मंडल में आयोजित होने वाले विभिन्न पर्व और त्योहारों पर भीड़ को नियंत्रित करने व यातायात व्यवस्था सुगम बनाने की बात की गई। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन का सहयोग करने व संदिग्ध वस्तु तथा लोगों पर निगाह रखने व यमुना में आ रहे बाढ़ के पानी को देखते हुए किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निबटने के लिए सजग और सतर्क रहने के निर्देश दिए गये।
नागरिक सुरक्षा संगठन के उप नियंत्रक जसवंत सिंह ने इस दौरान वार्डन सेवा के पदाधिकारियों को रिक्त स्थान की पूर्ति करने एवं हाउसहोल्ड रजिस्टर बनाने के निर्देश दिए।
बैठक का संचालन करते हुए स्टाफ ऑफिसर टू चीफ वार्डन दीपक चतुर्वेदी बैंकर ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त पर झंडारोहण एवं मिष्ठान वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान कलेक्ट्रेट स्थित नागरिक सुरक्षा कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया जिसमें फल एवं छायादार वृक्ष लगाकर उनको सुरक्षित रखने का संकल्प लिया गया।
बैठक में डिप्टी डिविजनल वार्डन राजेश मित्तल, घटना नियंत्रण अधिकारी देवकीनंदन शर्मा, भारत भूषण तिवारी, सुरेश चंद्र शर्मा, अशोक यादव, मुकेश तिवारी, पोस्ट वार्डन रति रंजन सिंह, एडवोकेट सच्चिदानंद, अनिल चतुर्वेदी एडवोकेट, डॉ महेश चंद्र आदि प्रमुख रुप से मौजूद रहे।
– Legend News