कतरास ज्वेलरी चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार, 20 किलो से अधिक चांदी व सैकड़ों ग्राम सोना बरामद

0
fastlive news

धनबाद। पुलिस ने कतरास थाना क्षेत्र के पचगढ़ी खेतान टावर स्थित जमनादास बिसेसर लाल ज्वेलरी दुकान में सोमवार रात हुई बड़ी चोरी का खुलासा मंगलवार को कर दिया है। इस मामले में चार अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में दुकान मालिक श्रवण कुमार खेतान (75 वर्ष) के आवेदन पर कतरास थाना कांड संख्या 451/25, दिनांक 30 दिसंबर 2025 को धारा 310(2) बीएनएस-2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि चोरी की घटना में 10 से 15 अज्ञात अपराधियों ने दुकान के गार्ड को बंधक बनाकर हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया था। अपराधियों द्वारा करीब 20 से 22 किलोग्राम चांदी तथा 300 से 400 ग्राम सोने के आभूषण की चोरी की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, धनबाद के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बाघमारा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में शामिल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से कंगन, कान के टॉप, बिछिया, पायल, चेन, छल्ले, चांदी के गिलास, कटोरे, थाल, सिक्के, पूजा सामग्री सहित सैकड़ों की संख्या में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त कंबल, गुलेल, टॉर्च, पेचकस और लोहे का सब्बल भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह की पहचान की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।

Share.

About Author

Leave A Reply

Translate »
error: Content is protected !!
Latest news