
जामताड़ा। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, फतेहपुर में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन कर कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे एवं भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन के साथ हुआ।
समारोह में जिले में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली निखत परवीन, पांचवां स्थान हासिल करने वाली कनक सहित 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले कुल 27 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिह्न एवं परीक्षा परिणाम प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है।
इस अवसर पर विद्यालय अध्यक्ष अजय मेहारिया, उपाध्यक्ष शशधर मंडल, सचिव रंजीत मंडल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सह कार्यवाह राजकुमार, जिला प्रचारक मनोज कुमार, प्रधानाचार्य आनंद कुमार मिश्रा एवं कार्यालय प्रमुख सत्यजीत ने आकांक्षा के माध्यम से मेडिकल क्षेत्र में राज्य स्तर पर स्थान बनाने वाली राजश्री पंडित को भी बधाई दी।
सेवानिवृत्त शिक्षक अर्जुन पंडित ने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे विद्यालय और जिले के लिए गौरव की बात है। पूर्व छात्रा ज्योति भंडारी एवं छात्रा कनक ने भी अपने अनुभव साझा कर विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी आचार्यों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।