
कतरास : धनबाद जिले में अवैध कोयला, लोहा, बालू, पशु व मछली तस्करी के खिलाफ क्षेत्र के युवा उभरता नेता दिनेश महतो ने जोरदार आंदोलन की रणनीति तैयार कर लिए हैं। जिसको लेकर आज उन्होने बांस कपुरिया स्थित स्व प्यारेलाल उद्धान में समर्थको के साथ बैठक कर रणनीति बनाई। उन्होंने प्रेस वार्ता कर कहा कि जिले के बाघमारा, झरिया, तेतुलमारी, राजगंज, गोविंदपुर, तोपचांची, टुंडी, पूर्वी टुंडी सहित अन्य थाना क्षेत्र में इन दिनों अवैध कोयला, लोहा, बालू, पशु, मछली तस्करी का धंधा व्यापक पैमाने पर चल रहा है। जिससे यहां के युवा वर्ग का भविष्य अंधकारमय दिख रहा है। उन्होंने कहा कि तस्करी के कारण जिले में अपराधिक घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है। अवैध कोयला तस्करी के मामले में तेतुलमारी, झरिया, गोविन्दपुर, बाघमारा, महूदा, भाटडीह हॉटस्पॉट बना हुआ है। यहां से सैकड़ों ट्रक अवैध कोयला राजगंज , तोपचांची के रास्ते बिहार, यूपी सहित अन्य राज्यों में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोयला के साथ साथ अवैध बालू का कारोबार फल फूल रहा है। बराकर, दामोदर नदी समेत अन्य स्थानीय नदियों से बालू उत्खनन कर टुण्डी, पूर्वी टुण्डी के रास्ते बाहर के जिले में भेजा जा रहा है। कहा कि इसके अलावे पशुओं की अवैध तस्करी धड़ल्ले से जारी है। इन पशुओ को तोपचांची, राजगंज, गोविन्दपुर, निरसा के रास्ते बंगाल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब वे स्थानीय लोगो के साथ मिलकर तस्करी के खिलाफ स्वंय सड़क पर उतरेंगे। महतो ने कहा कि जिला प्रशासन यदि समय रहते इस मामले को गंभीरता से नहीं लेती है तो वे लोग खुद अवैध कोयला, बालू, लोहा, जानवरों को ढोने वाली वाहनो को पकड़ कर स्थानीय पुलिस को सौंप कानूनी कार्यवाई कराने पर विवश करेंगे। अंत में उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि किसी भी तरह की विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होती है तो इसकी पूरी जवाबदेही जिला प्रशासन की होगी। बैठक में पंकज रवानी, विक्रम निषाद, असलम मंसुर, साधु खान, विंदु कुमार, रवि दास, विजय सुरज निषाद, संतोष कुमार, रमेश कुमार, गोविंद कुमार सहित दर्जन भर कार्यकर्ता मौजूद थे।