
धनबाद : महंगाई व व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आसमान छूती कीमतों के विरोध में झामुमों ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। धनबाद जिला झामुमो ने गुरुवार को रणधीर वर्मा चौक पर हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान में विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व समर्थक पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताया। कहा कि केंद्र की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आम आदमी का आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दाम में बार-बार की जा रही बढ़ोतरी ने मध्यम और लघु व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। इससे होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट संचालक और छोटे दुकानदार सीधे तौर पर प्रभावित हो रहे हैं। नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई को नियंत्रित करने की बजाय बड़े पूंजीपतियों को ज्यादा फायदा पहुंचा रही है।