
कतरास : कतरास थाना क्षेत्र के न्यू सेलेक्टेड गोविंदपुर में पिछले दिनों भू-धंसान की घटना के बाद बुधवार को प्रशासन, बीसीसीएल एवं जनप्रतिनिधियों की संयुक्त टीम ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। मालूम रहे कि इस भू-धंसान की घटना में पांच घर जमींदोज हुआ है। इधर घटना के बाद पीड़ित परिवारों की सुरक्षा और राहत व्यवस्था को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान बीसीसीएल के अधिकारियों, बाघमारा अंचल के सीओ तथा धनबाद नगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण दल में नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी (वार्ड 1 से 5) के अध्यक्ष छोटू सिंह, पार्षद मधुमाला, पार्षद निरुपमा देवी, पार्षद शहाबुद्दीन अंसारी, पार्षद रामेश्वर तुरी सहित बीसीसीएल एवं प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद थे।