सदियों से कायम है डुमरा राजबाड़ी की दुर्गा पूजा, पीढ़ी दर पीढ़ी सहेजी जा रही विरासत

0
fastlive news

बाघमारा। वक्त बदलता रहा, पीढ़ियां गुजरती रहीं, लेकिन डुमरा राजबाड़ी में मां दुर्गा की आराधना की परंपरा आज भी उसी आस्था के साथ जीवंत है। नवागढ़ डुमरा स्थित राजबाड़ी दुर्गा मंदिर में करीब 350 वर्षों से चली आ रही पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान भी है। राजपरिवार आज भी प्राचीन रीति रिवाजों के अनुरूप पूजा की परंपरा निभा रहा है। मंदिर के आचार्य शीतल मिश्रा व राणा मिश्रा के अनुसार, इस परंपरा की शुरुआत तत्कालीन राजा प्रताप नारायण सिंह ने मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर की थी। बाद में राजा बनवारी लाल, नीलकंठ नारायण सिंह, कामख्या नारायण सिंह और सत्येंद्र नारायण सिंह ने इसे आगे बढ़ाया। वर्तमान में राजा मेघेंद्र नारायण सिंह के परिवार द्वारा पूजा का आयोजन किया जाता है। पूजा सामग्री पुरुलिया से मंगाई जाती है और समस्त खर्च राजपरिवार उठाता है।

महाअष्टमी के प्रसाद में रची बसी परंपरा

यहां पूजा की खासियत धार्मिक विधियों के साथ पारिवारिक सहभागिता भी है। महाअष्टमी पर राजपरिवार के सदस्य अरसा, पुआ सहित पारंपरिक महाप्रसाद तैयार करते हैं। कलश स्थापना, सप्तमी, अष्टमी और नवमी पर बकरे की बलि दी जाती है। नवमी को कुमारी पूजा और हवन के बाद अनुष्ठान पूरा होता है।

पालकी से विसर्जन, विजयादशमी पर विषहरी नृत्य

विजयादशमी की सुबह नवपत्रिका रूपी नवदुर्गा को पालकी में लेकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच डुमरा के राजा तालाब तक ले जाया जाता है, जहां पारंपरिक विधि से विसर्जन होता है। इस अवसर पर आसपास के आदिवासी गांवों के लोग सामूहिक विषहरी नृत्य प्रस्तुत करते हैं। मंदिर परिसर में लगने वाला ग्रामीण मेला भी आकर्षण का केंद्र रहता है, जहां दूर दराज से श्रद्धालु पहुंचते हैं।

प्रतिमा निर्माण की जिम्मेदारी भी पीढ़ियों से तय

डुमरा की पूजा में प्रतिमा निर्माण की परंपरा भी विशिष्ट है। चंदन मिश्रा ने बताया की रजवार परिवार के सदस्य वर्षों से मां दुर्गा की प्रतिमा बनाते आ रहे हैं। पहले माधव रजवार और नारू रजवार यह कार्य करते थे। अब नारू रजवार के पुत्र कुलदीप रजवार इस विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। आस्था, लोकसंस्कृति और पारिवारिक परंपराओं का यह संगम डुमरा राजबाड़ी की दुर्गा पूजा को विशिष्ट पहचान देता है। जो भी श्रद्धालु यहां भक्ति भाव से मां दुर्गा की पूजा अर्चना करते हैं उनकी मनोकामना अवश्य पुरी होती हैं।

वही सरस्वती कला केंद्र डुमरा के पदाधिकारी व सदस्य पूजा एवं मेला की व्यवस्था में तत्पर हैं।

Share.

About Author

Leave A Reply

Translate »
error: Content is protected !!
Latest news