
बाघमारा। धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ (भामसं) का 33वां द्विवार्षिक एक दिवसीय अधिवेशन मंगलवार को बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र के गेस्ट हाउस (सामुदायिक भवन) में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अशोक मिश्रा, संगठन मंत्री (ABKMS) और राजीव रंजन सिंह, महामंत्री (BMS झारखंड प्रदेश) सह चुनाव प्रभारी, भारतीय मजदूर संघ झारखंड प्रदेश उपस्थित रहे। अधिवेशन की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष मुरारी तांती ने की, जबकि संचालन का दायित्व महामंत्री उमेश कुमार सिंह ने निभाया।

अधिवेशन की शुरुआत बीसीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं की शोभायात्रा से हुई। इसके बाद संघ का झंडोत्तोलन, द्वीप प्रज्वलन, भारत माता, भगवान विश्वकर्मा और संघ संस्थापक श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। सभी पदाधिकारियों को अंगवस्त्र और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया, जिसके बाद औपचारिक रूप से अधिवेशन का शुभारंभ हुआ।

अपने संबोधन में राजीव रंजन सिंह ने कोयला उद्योग और मजदूरों की सुरक्षा के लिए कोयला उद्योग प्रभारी के. लक्ष्मा रेड्डी द्वारा अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ के बैनर तले चलाए जा रहे चार चरणों के आंदोलन का पूर्ण समर्थन किया। उन्होंने स्थानीय सांसद पर एटक (AITUC) यूनियन चलाने का आरोप लगाते हुए इसकी कड़ी निंदा की और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को चेतावनी दी। साथ ही संघ की मजबूती और सदस्यता विस्तार पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान आगामी दो वर्षों के लिए संघ के पदाधिकारियों का चयन किया गया, जिसमें मुरारी तांती को अध्यक्ष, सुशील कुमार सिंह को कार्यकारी अध्यक्ष और उमेश कुमार सिंह को महामंत्री चुना गया। अन्य पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष — मंतोष तिवारी, अरिंजय श्रीवास्तव, अयोध्या मिश्रा, एस. के. मिश्रा, मो. इस्माईल मल्लिक और शोभा पांडेय; संयुक्त महामंत्री — भौमिक महतो; मंत्री — संजीव कुमार सिंह, राजलाल यादव, लोकेश कुमार सिंह, संत कुमार चौहान, लालमोहन दास और जय श्रीवारा; संगठन मंत्री — सुशिल कुमार; कोषाध्यक्ष — प्रशांत नियोगी; सह-कोषाध्यक्ष — उत्तम कुमार पांडेय; कार्यालय मंत्री — अनिल कुमार; कार्यसमिति सदस्य — ऊषा झा, गायत्री देवी और कृष्ण कन्हैयाब सिंह; विशेष आमंत्रित सदस्य — माधव सिंह शामिल हैं। इसके अलावा सभी क्षेत्रीय सचिव कार्यसमिति के पदेन सदस्य होंगे।
अधिवेशन में के. के. सिंह (मंत्री, अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ), धर्मजीत चौधरी (मंत्री, भामसं धनबाद जिला सह महामंत्री भवनिर्माण एवं अन्य सन्निर्माण कामगार यूनियन), माधव सिंह (कार्यसमिति सदस्य सह प्रभारी BCCL, ECL एवं CMPF), ओम कुमार सिंह (कार्यसमिति सदस्य, भामसं झारखंड प्रदेश), सुशील कुमार सिंह (कार्यसमिति सदस्य, भामसं झारखंड प्रदेश), गुड्डू सिंह (जिला उपाध्यक्ष, भामसं) सहित सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ और सीएमपीएफ के पदाधिकारी, के. ध. को. क. संघ के सभी क्षेत्रीय/शाखा कार्यसमिति सदस्य उपस्थित रहे।
अधिवेशन का समापन मजदूर हितों और कोयला उद्योग के संरक्षण हेतु एकजुटता के संकल्प के साथ हुआ, जिसमें संगठन की आगामी रणनीति और आंदोलनों पर भी चर्चा की गई।