
कतरास : बीसीसीएल के एएमपी कोलियरी में कार्यरत ऑटो इलेक्ट्रिशियन हेल्पर मो. अयुब अंसारी का निधन सोमवार को इलाज के दौरान हो गया। पिछले दिन ड्यूटी के क्रम में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जिससे रीजनल हॉस्पिटल बाघमारा में भर्ती कराया गया। स्थिति बिगड़ते देख चिकित्सक ने सीएचडी धनबाद और फिर एशियन हॉस्पिटल धनबाद ले जाया गया। स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें मिशन हॉस्पिटल, दुर्गापुर रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के आश्रित को नियोजन तथा अन्य देय लाभों की मांग को लेकर परिजनों, श्रमिक संगठनों ने शव के साथ एएमपी कोलियरी परिसर में धरना दिया। कार्यालय में प्रबंधन, जनप्रतिनिधियों, यूनियन नेताओं और परिजनों के बीच वार्ता हुई। वार्ता में आश्रित पुत्र कामरान काशमी को अनुकंपा के तहत तत्काल नियोजन प्रदान किया गया। इसके बाद शेष सभी देय राशि का भुगतान नियमानुसार करने पर सहमति बनी। तब जाकर आंदोलन समाप्त हुआ। इस अवसर पर यूनियन पदाधिकारियों में संतोष चंद्र गोराई, नर्मदेश्वर पांडे, सुमन पांडे, नवल किशोर महतो, मंगल हेम्ब्रम, संत कुमार चौहान, गणेश सिंह, उदय चौहान सहित अजमूल अंसारी, हफीजुद्दीन अंसारी परिजन व स्थानीय लोग मौजूद थे।