धनबाद में होली के जश्न के बीच चली गोलियां, दो युवक घायल

0
fastlive news

धनबाद: होली के उत्सव के बीच धनबाद जिले के धनसार थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। बरमसिया फुटबॉल मैदान में होली का कार्यक्रम चल रहा था, तभी अचानक विवाद बढ़ने पर फायरिंग हो गई। इस घटना में दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।
घायलों में विष्णु कुमार और पुष्पक मिश्रा शामिल हैं। जानकारी के अनुसार विष्णु कुमार के पैर में गोली लगी है, जबकि पुष्पक मिश्रा के पेट में गोली लगी है।
विष्णु कुमार ने बताया कि वह ठेकेदार विकास लाला के साथ पेटी कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर काम करता था। गोधरा में बन रहे एक अस्पताल के निर्माण कार्य के दौरान उसका करीब ढाई लाख रुपये बकाया था। उसी रकम की मांग को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में झगड़े में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान विकास लाला और उसके साथियों ने फायरिंग कर दी, जिससे वह और उसका साथी घायल हो गए।
वहीं घायल पुष्पक मिश्रा ने बताया कि होली मनाने के लिए काफी लोग फुटबॉल मैदान में एकत्रित हुए थे। इसी दौरान अचानक विवाद बढ़ गया और मारपीट के बाद गोलीबारी शुरू हो गई। उसने भी आरोप लगाया कि विकास लाला ने गोली चलाई। पुष्पक ने बताया कि वह दिल्ली में पढ़ाई करता है और बरमसिया स्थित अपने दादा के घर तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने आया था।
इधर धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद गोली चली। दो लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है। पुलिस के अनुसार घटना के पीछे अलग-अलग कारण सामने आ रहे हैं। एक पक्ष इसे बकाया पैसे का विवाद बता रहा है, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि जमीन की खरीद-फरोख्त को लेकर विवाद हुआ था। मामले की जांच की जा रही है।

Share.

About Author

Leave A Reply

Translate »
error: Content is protected !!
Latest news