
बाघमारा। शास्त्री नगर, जमुआटांड़ में आयोजित श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा के पंचम दिवस श्रद्धालुओं को भक्ति, आध्यात्मिकता और पारिवारिक जीवन के मूल्यों का संदेश मिला। ब्रह्मर्षि आचार्य डॉ. दुर्गेशाचार्य जी महाराज ने अपने श्रीमुख से मां भगवती के प्राकट्य का दिव्य एवं भावपूर्ण प्रसंग सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
मां भगवती के प्राकट्य प्रसंग का वर्णन करते हुए महाराजश्री ने देवी को सृष्टि की आदिशक्ति, जगत जननी और समस्त चराचर जगत की मूल चेतना बताया। उन्होंने कहा कि जब-जब संसार में अधर्म, अन्याय और नकारात्मक शक्तियों का प्रभाव बढ़ता है, तब-तब आदिशक्ति विभिन्न स्वरूपों में प्रकट होकर धर्म की स्थापना और भक्तों के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करती हैं। देवी की सच्ची आराधना केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि शक्ति, करुणा, धैर्य, त्याग और नारी सम्मान जैसे जीवन मूल्यों को आत्मसात करना भी मां की उपासना है।
कथा के दौरान महाराजश्री ने वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों में वैवाहिक जीवन की बदलती स्थिति पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज वैवाहिक संबंधों में स्थायित्व की कमी एक गंभीर सामाजिक चुनौती बनती जा रही है। छोटी-छोटी बातों पर मतभेद, अहंकार, आपसी अविश्वास, सहनशीलता की कमी और एक-दूसरे से अत्यधिक अपेक्षाएं पारिवारिक रिश्तों को कमजोर कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का मिलन नहीं, बल्कि दो परिवारों, संस्कारों और भावनाओं का पवित्र संगम है। दांपत्य जीवन को सफल, सुखमय और दीर्घकालिक बनाने के लिए प्रेम, विश्वास, आपसी सम्मान, त्याग, समर्पण और संवाद बेहद जरूरी हैं। पति-पत्नी को एक-दूसरे की भावनाओं को समझते हुए विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य और विवेक से काम लेना चाहिए।
भारतीय संस्कृति में गृहस्थ आश्रम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए महाराजश्री ने कहा कि गृहस्थ जीवन केवल भौतिक सुख-सुविधाओं की प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि धर्म, कर्तव्य, प्रेम और सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन का पवित्र मार्ग है। परिवार में धार्मिक चेतना और नैतिक संस्कारों का वातावरण तैयार करना आवश्यक है, क्योंकि यही भावी पीढ़ी को संस्कारित और जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने मां भगवती की आराधना को नारी शक्ति के सम्मान, पारिवारिक एकता और सामाजिक सद्भाव से जोड़ते हुए कहा कि जिस परिवार में महिलाओं का सम्मान, बड़ों का आदर और आपसी प्रेम होता है, वहां सुख-शांति एवं समृद्धि का वास होता है।
इस अवसर पर मुख्य यजमान मंदीप शास्त्री एवं प्रीति पांडेय तथा सह यजमान डॉ. मुकेश कुमार राय एवं नीरजा राय ने विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना और व्यासपीठ पूजन में भाग लिया। कथा के आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां भगवती के प्राकट्य प्रसंग का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।
कथा में आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ शिक्षक विनोद कुमार गुप्ता, आदित्य प्रताप सिंह राणा, बिजेंद्र सिंह, दिलीप पाठक, मनोज सिंह, धीरेन पांडेय, प्रदीप पांडेय, धीरेन रवानी, अक्षय मिश्रा, मदन मोहन, योगेंद्र प्रसाद सिन्हा, सीमा सिन्हा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।