
तोपचांची/राजगंज : पुलिस की दबिश के कारण धनबाद में अपहरण की घटना होने से बच गई। पुलिस ने बड़े ही नाटकीय ढंग से भाजपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य दिवंगत परमेश्वर अग्रवाल के भतीजे आकाश अग्रवाल को अपहर्ताओं के चंगुल से मुक्त करा लिया। मालूम हो कि आकाश अग्रवाल का रविवार सुबह राजगंज-तेतुलमारी पथ पर सालदाहा के पास से अपहरण कर लिया गया था। घटना उस समय घटी जब अग्रवाल धनबाद के धैया स्थित अपने आवास से अपनी फैक्ट्री-रेणुका इस्पात जा रहे थे। सालदाहा के पास अपराधियों ने बंदूक दिखाकर गाड़ी रोकने के बाद आकाश को अपनी कार में बिठा लिया। आकाशअग्रवाल के अपहरण की घटना रविवार सुबह करीब नाै बजे घटी। इसके बाद धनबाद में सनसनी फैल गई। आकाश दिवंगत राज्यसभा सदस्य और उद्योगपति परमेश्वर अग्रवाल के भाई महेंद्र अग्रवाल के बेटे हैं। अपहरण की सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस रेस हो गई। जिले की सीमा से गुजरे वाली सड़कों पर चेकिंग शुरू की गई। इसके बाद अपहर्ता घिर गए। वे अग्रवाल को धनबाद से लेकर बाहर निकलने के दाैरान पकड़े जाने के डर से तोपचांची से पास रिहा कर फरार हो गए। आकाश अग्रवाल से पुलिस ने राजगंज थाने में बिस्तार से पूछताछ की।