
रांची : झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता जगन्नाथ महतो का निधन गुरूवार को प्रातः एम०जी०एम० अस्पताल, चेन्नई में इलाज के दौरान हो गया । मंत्री जगरनाथ महतो पिछले 2 साल से ही बीमार चल रहे थे। जानकारी के अनुसार दो साल पहले मंत्री जगरनाथ महतो कोरोना काल में ही कोरोना की चपेट मे आ गए थे। उसी दौरान उन्हें चैनई के उक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान उनका लंग्स ट्रांसप्लांट किया गया था। जो कुछ दिनों के बाद वे स्वस्थ भी हो गए। इधर कुछ दिनों तक अपना विभागीय कार्य देखने के बाद 14 मार्च को उनका तबीयत फिर से बिगड़ गया। जिसे एयरलिफ्ट के माध्यम से इलाज के लिए रांची से चेन्ई ले जाया गया था। जहां इलाज के दौरान गुरूवार को 56 वर्ष की उम्र में जगरनाथ महतो ने अंतिम सांस ली। वहीं दिवंगत माननीय मंत्री के सम्मान में राज्य सरकार के संयुक्त सचिव ने पत्र जारी कर दिनांक 06 अप्रैल से 07 अप्रैल 2023 तक दो दिवसीय राजकीय शोक मनाने का आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि उक्त अवधि में उन सभी भवनों, जहाँ नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराये जाते हैं, पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे एवं किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जायेगा। संयुक्त सचिव ने झारखंड सरकार द्वारा जारी आदेश का पत्र सभी अपर मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, सरकार के सभी प्रधान सचिव , सरकार के सभी सचिव, सभी प्रमण्डलीय आयुक्त, सभी उपायुक्त ,सभी वरीय पुलिस अधीक्षक ,सभी पुलिस अधीक्षक, झारखण्ड को दिया है।