
बाघमारा : एचपीसी (हाई पावर कमेटी) द्वारा निर्धारित वेतनमान की मांग कोH लेकर बीसीसीएल ब्लॉक दो क्षेत्र के बेनीडीह मेन साइडिंग में सेलपिकर मज़दूरों द्वारा किया गया भूख हड़ताल आज 12 वे दिन भी जारी रहा। भूख हड़ताल पर बैठे मज़दूरों का यह कहना है कि जबतक उनलोगों को एचपीसी के तहत दिया जानेवाला वेतनमान नही मिल जाता वे भूख हड़ताल से नहीं उठेंगे। मज़दूरों ने कहा कि उन सभी का पीएफ का भी बकाया है। मज़दूरों का नेतृत्व कर रहे बिहार कोलियरी कामगार यूनियन के केंद्रीय सचिव जे के झा ने कहा कि मज़दूरों के साथ प्रबंधन साजिश के तहत अन्याय कर रही है। श्री झा ने कहा कि मज़दूरों को न्याय दिलाने तक यह संघर्ष जारी रहेगा। मालूम हो कि पिछले 12 जून को बेनीडीह साइडिंग परिसर में बीसीकेयू के केंद्रिय महामंत्री सह निरसा के पूर्व विधायक अरूप चटर्जी ने सभा को संबोधित करते हुए उनको उनका हक दिलाने की बात कही थी। परंतु सभा के 25 दिनों के बाद भी मज़दूर को उनका हक दिये जाने को लेकर कोई पहल नहीं हुई। साइडिंग के 133 मज़दूर आज भी न्याय की आस में क्रमवार भूख हड़ताल कर रहे है।