
बाघमारा। गजलीटांड खान हादसे की 30वीं बरसी पर शुक्रवार को शहीद कोलकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। गजलीटांड स्थित शहीद स्तंभ पर बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल, विधायक मथुरा प्रसाद महतो, विधायक शत्रुघ्न महतो, निदेशक मंडल के सदस्य, यूनियन प्रतिनिधि, विभिन्न दलों के नेता व परिजनों ने पुष्प अर्पित किए। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में गीता व कुरान पाठ से इलाका गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान स्नेह स्मृति उपवन में पौधारोपण किया गया और शहीद कर्मियों की आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखा गया। सीएमडी मनोज अग्रवाल ने परिजनों से मुलाकात कर आश्वस्त किया कि यदि कोई बकाया या आवास संबंधी समस्या है तो शीघ्र समाधान किया जाएगा।
गौरतलब है कि 25 सितंबर 1995 की रात गजलीटांड कोलियरी के छह नंबर भूमिगत खदान में कतरी नदी का पानी घुस जाने से 64 कोलकर्मियों की मौत हो गई थी।
सीएमडी मनोज अग्रवाल ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बीसीसीएल सजग है। विधायक मथुरा महतो ने सुरक्षा मानकों पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता बताई, जबकि विधायक शत्रुघ्न महतो ने शहीद कर्मियों के आश्रितों को अब तक पूरी सुविधा न मिलने पर नाराजगी जताई।