
कतरास (धनबाद) : धनबाद जिला प्रशासन सरकार की कठपुतली बन उसके इशारे पर कार्य कर रही है। प्रशासन झूठे मुकदमे के जरिये विधायक ढुल्लू महतो को परेशान करने का काम कर रही है। अगर प्रशासन का यही रवैया रहा तो इसके विरोध में भारतीय जनता पार्टी सड़क पर उतरने का कार्य करेगी।उक्त बातें गुरुवार के दिन भाजपा के झारखंड प्रदेश विधायक दल के नेता सह सूबे के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने विधायक ढुल्लू महतो के चिटाही स्थित आवास में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कही। श्री मरांडी ने यह आरोप लगाते हुए कहा की राजनैतिक विद्वेष के तहत प्रशासन ढुल्लू महतो के पीछे पड़ी है। उन्होंने कहा की अगर प्रशासन का यह रवैया कतई न्याय संगत नहीं है।उन्होंने कहा कि बाघमारा विधायक ढुलू महतो से उनका पुराना संबंध है। सत्ता परिवर्तन के साथ ही राजनीतिक विद्वेष बाघमारा में देखने को मिल रहा है।जिसको भुनाने का कार्य किया जा रहा है। श्री मरांडी ने कहा कि विधायक ढुल्लू महतो ने अपने ऊपर हुए झूठे मुकदमें के खिलाफ कई बार सीबीआई एवं अन्य स्वतत्र एजेंसी से जांच की मांग की, परंतु सरकार ने उन दलीलों को अनसुना कर दिया। श्री मरांडी ने आरोप लगाया कि जांच को लेकर सरकार की मंशा ठीक नहीं प्रतीत होती है। मरांडी ने कहा कि विधायक ढुल्लू पर हुए मुकदमा को लेकर उन्होंने भी धनबाद के एसपी से बात की। विधायक ढुल्लू की जमानत तक उसे परेशान नही करने का आग्रह किया। परंतु जनप्रतिनिधि होने के बावजूद ढुल्लू के प्रति उग्रवादी व आंतकवादी जैसा व्यवहार किया गया। लगातार विधायक के आवास में छापामारी कर उनके परिवारजन को परेशान करने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि सत्ता समय समय के साथ बदलती रहती है । इस मौके पर उपस्थित भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि विधायक ढुलू महतो एवं उनके अग्रज शत्रुधन महतो पर सरकार के इशारे पर मुकदमा किया गया। श्री प्रकाश ने कहा कि प्रशासन को संविधान के नियमों का अनुपालन करते हुए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा की प्रशासन का रवैया अगर नही बदला तो पार्टी सड़क पर उतर कर इसका विरोध करेगी। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष ने विधायक के परिजनों से विधायक का कुशल क्षेम पूछा। इस मौके पर विधायक ढुलू महतो की धर्मपत्नी सावित्री देवी व विधायक के अग्रज शत्रुधन महतो ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें रामराज्य मंदिर का मोमेंटो प्रदान किया एवं शॉल ओढ़ाकर उन्हें सम्मानित किया। इस मौके पर पार्टी की प्रदेश उपाधयक्ष सह निरसा के विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, झरिया से संजीव सिंह जी के धर्मपत्नी श्रीमती रागिनी सिंह, बोकारो के विधायक बिरंचि नारायण, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष विवेक हजारी, पिंटू गुप्ता, राजा दास समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।