
भुवनेश्वर. जर्मनी ने दो खिलाड़ियों का निलंबन झेल रहे पाकिस्तान को 2-0 से हराकर चैंपियंस ट्राॅफी जीत ली है। उसने हॉकी का यह खिताब 2007 के बाद पहली बार और ओवरऑल 10वीं बार अपने नाम किया। मेजबान भारत विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से हारकर चौथे स्थान पर रहा।
तीन बार चैम्पियन रह चुके पाकिस्तान ने क्वार्टर फाइनल में विश्व कप रजत विजेता हालैंड के खिलाफ 4..2 की जीत और सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ 4..3 की जीत में जो जज्बा दिखाया था वह विवादों के बाद फाइनल में नदारद था। दो खिलाडियों के निलंबन का साफ असर पाकिस्तानी टीम के प्रदर्शन पर दिखाई दिया जिसका सात युवा विश्व कप खिलाडियों के साथ खेल रही जर्मन टीम ने पूरा फायदा उठाया।
क्रिस्टोफर वेस्ली ने 18 वें मिनट में मैदानी गोल दागर जर्मनी को आगे कर दिया। पाकिस्तान ने बराबरी पर आने की भरपूर कोशिश की लेकिन उसके खिलाडी मौके चूकते रहे। जर्मन ने 57 वें मिनट में अपना दूसरा गोलकर खिताब मुट्ठी में कर लिया। फ्लोरियन फुक्स ने मैदानी गोल पाकिस्तान की उम्मीदों को तोड दिया।